फिरोजपुर मंडल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन: राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में रेलवे का परचम लहराया
फिरोजपुर, 19 मार्च 2025 : उत्तर रेलवे ने मार्च माह में उदयपुर में आयोजित 17वीं आल इंडिया इंटर रेलवे हैंडबॉल चैंपियनशिप में गोल्ड मैडल जीता जिसमें फिरोजपुर मंडल के 4 खिलाड़ी शामिल थे। यह पहला मौका नहीं है जब उत्तर रेलवे की हैंडबॉल की टीम ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने इससे पहले 16वीं आल इंडिया इंटर रेलवे हैंडबॉल चैंपियनशिप में सिल्वर मैडल जीता जिसमें फिरोजपुर मंडल के 5 खिलाड़ी शामिल थे। हैंडबॉल खेल में एक टीम में शामिल कुल खिलाडियों की संख्या 7 होती है जिसमें फिरोजपुर मंडल के आधे से अधिक खिलाड़ियों की सहभागिता मंडल को गौरवान्वित करता है।
वर्ष 2024 में सीनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप में भारतीय रेलवे ने रजत पदक जीता जिसमें फिरोजपुर मंडल के 4 खिलाड़ी शामिल थे। कपूरथला में 26.02.2025 से 01.03.2025 के दौरान आयोजित आल इंडिया इंटर रेलवे हॉकी चैंपियनशिप में उत्तर रेलवे ने रजत पदक जीता जिसमें फिरोजपुर मंडल के 8 खिलाड़ी शामिल थे। वर्तमान में लखनऊ में चल रहे इंटर डिविजनल हॉकी चैंपियनशिप में फिरोजपुर मंडल ने अम्बाला मंडल को 4-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया जिनके कोच पूर्व ओलंपिक खिलाड़ी श्री बलविंदर सिंह शम्मी जो वर्तमान में भारतीय हॉकी टीम के चयनकर्ता भी है।
भारतीय रेलवे ने सीनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2024 में रजत पदक तथा सीनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2025 में कांस्य पदक जीता जिसमें फिरोजपुर मंडल के 4 खिलाड़ी शामिल थे। उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय खेल, 2025 (नेशनल गेम्स) में श्री सुखमणि बाबरेकर तथा सुश्री जसबीर कौर ने तीरंदाजी में स्वर्ण पदक हासिल किया। सीनियर नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप, 2024 में श्री सुखमणि बाबरेकर ने स्वर्ण तथा सुश्री जसबीर कौर ने कांस्य पदक जीता। सुश्री स्नेह राणा ने साउथ अफ्रीका महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ वर्ष 2024 में खेले गए टेस्ट मैच में 10 विकेट हासिल कर कीर्तिमान बनाया था। उनके उम्दा प्रदर्शन के कारण उन्हें प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया था। मंडल रेल प्रबंधक के मार्गदर्शन में फिरोजपुर मंडल में कार्यरत खिलाड़ियों के प्रदर्शन में उत्तरोत्तर सुधार हुआ है।
मंडल रेल प्रबंधक श्री संजय साहू ने बताया कि रेलवे अपने कर्मचारियों को खेलों में भाग लेने के लिए सुविधाएं और अवसर प्रदान कर रहा है, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। फिरोजपुर मंडल के खिलाड़ी रेलवे का गौरव बढ़ा रहे हैं। हमें उनकी इस उपलब्धि पर गर्व है।



































































































